स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान अंतर्गत महिला स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर का आयोजन

सुसनेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सोमवार को सिविल अस्पताल सुसनेर में महिला स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने स्वयं को हमेशा ‘प्रधान सेवक’ माना और सेवा परमो धर्म को ही अपना ध्येय बनाया है। इसी भावना के तहत उनका जन्मदिन सेवा कार्यों के रूप में मनाया जा रहा है।
मालवीय ने बताया कि सेवा पखवाड़ा पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती से शुरू होकर गांधी जयंती तक चलेगा। इस दौरान 500 से अधिक यूनिट रक्तदान करने का लक्ष्य रखा गया है।

248 महिलाओं और 41 किशोरियों की जांच
शिविर में 248 महिलाओं और 41 किशोरियों का पंजीयन कर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराईं। ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, एनीमिया, कैंसर, टीबी, सिकल सेल सहित विभिन्न जांचें की गईं। साथ ही आयुष्मान कार्ड, मातृ-शिशु सुरक्षा कार्ड और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ भी दिलाया गया।

25 यूनिट रक्तदान
जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, भाजपा नेताओं, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्य व सफाई कर्मियों सहित 25 लोगों ने रक्तदान किया। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं।

रंगोली से दिया संदेश
स्वास्थ्यकर्मियों ने आकर्षक रंगोली बनाकर ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ और ‘रक्तदान महादान’ का संदेश दिया। बीएमओ डॉ. बीबी पाटीदार ने स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए अस्पताल परिसर को गंदगी मुक्त रखने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलीप सकलेचा, पूर्व विधायक मुरलीधर पाटीदार व राणा विक्रम सिंह, जिला उपाध्यक्ष डॉ. गजेन्द्र सिंह चंद्रावत, सजन सिंह कलारिया सहित भाजपा पदाधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे।









